October 31, 2026
हॉकी लीग में जगह बनाने 400 खिलाड़ी मैदान में, 108 का होगा चयन

हॉकी लीग में जगह बनाने 400 खिलाड़ी मैदान में, 108 का होगा चयन

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए खिलाड़ियों के सलेक्शन ट्रायल सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हो गए। 28 और 29 सितंबर को होने वाले इन ट्रायल के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। चयन प्रक्रिया के बाद इनमें से 108 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

खिलाड़ियों के ट्रायल और चयन प्रक्रिया के समन्वय की जिम्मेदारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सौंपी गई है। चयनित खिलाड़ियों के आधार पर लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का गठन किया जाएगा।

छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा मुकाबला

लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

सभी छह टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगे। मैचों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी।

चयनित खिलाड़ियों के लिए 9 दिन का ट्रेनिंग कैंप

चयनित खिलाड़ियों के लिए लीग शुरू होने से पहले 9 दिन का विशेष प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करना और उन्हें उच्च स्तर के मुकाबलों का अनुभव देना है।

लीग की खास बात यह होगी कि स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह, सुरेंदर कुमार, जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि सहित अन्य खिलाड़ी भी लीग का हिस्सा होंगे।

स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच

लीग में 108 स्थानीय खिलाड़ियों का चयन होने के बाद उन्हें प्रोफेशनल माहौल में खेलने का अवसर मिलेगा। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और हाई-इंटेंसिटी मुकाबलों में हिस्सा लेने से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी हॉकी का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

इस लीग के जरिए प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलने की संभावना है। प्रतियोगिता के नियमित आयोजन और उच्च स्तरीय टूर्नामेंटों व चयन शिविरों तक खिलाड़ियों की पहुंच बनने से छत्तीसगढ़ में हॉकी प्रतिभाओं के लिए आगे के अवसर विकसित हो सकते हैं।

लोगो और शुभंकर में छत्तीसगढ़ की झलक

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो में प्रदेश का नक्शा शामिल किया गया है। इसमें केसरिया और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति का प्रतीक बताई गई है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है।

लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ पर आधारित है। आयोजकों के अनुसार यह छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता को दर्शाता है।

मैचों के दौरान रोजाना मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए लीग के सभी मुकाबलों में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

फ्रेंचाइजी टीमों के स्पॉन्सर को लेकर बैठकें

छह फ्रेंचाइजी टीमों के स्पॉन्सर को लेकर भी बैठकों का दौर जारी है। टीमों के प्रायोजन और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जा रही है। वहीं, सलेक्शन ट्रायल पूरा होने के बाद चुने गए खिलाड़ियों को छह टीमों में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *